ग्रेटर नोएडा, 23 जून 2026। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्धनगर द्वारा मंगलवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट (बिसरख) स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के राजस्थान के कोटा में आयोजित ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दों को लेकर पत्रकार वार्ता एवं प्रस्तुति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी और युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि देश के करोड़ों छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट समेत कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक और धांधली के मामलों ने युवाओं के विश्वास को गहरा आघात पहुंचाया है तथा लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कोटा में हजारों छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का संकल्प लिया है। दीपक भाटी ने कहा कि शिक्षा और रोजगार जैसे विषयों को राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर देखने की आवश्यकता है तथा युवाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रस्तुति के माध्यम से पेपर लीक की घटनाओं, भर्ती परीक्षाओं में देरी, परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों की जवाबदेही और युवाओं में बढ़ती निराशा जैसे मुद्दों को विस्तार से रखा गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम करने के बाद भी निष्पक्ष अवसरों से वंचित रह जाते हैं, तो इससे न केवल उनका मनोबल टूटता है, बल्कि समाज में भी निराशा का माहौल बनता है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही पेपर लीक और परीक्षा प्रबंधन में कथित विफलताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और उनके हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।
इस अवसर पर दुष्यंत नागर, मुकेश शर्मा, गौतम अवाना, महाराज सिंह नागर, नीरज लोहिया, धर्मवीर प्रधान, सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं युवा मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता को रेखांकित करना रहा।






