गौतमबुद्धनगर
औषधि निरीक्षक, गौतमबुद्धनगर जयसिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतरराज्यीय प्रकोष्ठ, अपराध शाखा, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली से प्राप्त सूचना तथा कार्यालय आदेश डीडीसी (आई), उत्तर जोन, गाजियाबाद के अनुपालन में संयुक्त छापेमारी कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम में सीडीएससीओ उत्तर जोन, गाजियाबाद के अरुण कुमार मट्टापल्ली एवं विनोद कुमार, अपराध शाखा, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली के उप निरीक्षक गुलाब सिंह, एचसी करमबीर तथा औषधि निरीक्षक, गौतमबुद्धनगर शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान फ्लैट संख्या जे-402, अमरापल्ली प्रिंसली एस्टेट, सेक्टर-76, नोएडा में छापेमारी की गई। जांच के समय फ्लैट पर निवासी आनंद कुमार, बसंत लाल वर्णवाल तथा प्रीति उपस्थित मिले। जांच में पाया गया कि उक्त परिसर का उपयोग बड़ी मात्रा में तैयार औषधियों के अवैध भंडारण के लिए किया जा रहा था। मौके से गोलियां, कैप्सूल, इंजेक्शन, टीके, मानव एल्ब्यूमिन, इम्युनोग्लोबुलिन, रेबीज वैक्सीन, सर्पदंश एंटीसीरम आई.पी. सहित अन्य महत्वपूर्ण एवं उच्च मूल्य के जैविक औषधि उत्पाद बरामद किए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जांच के दौरान कई औषधियों पर “सरकारी आपूर्ति बिक्री के लिए नहीं” अंकित पाया गया, जिससे उनके अनधिकृत कब्जे एवं संभावित दुरुपयोग की आशंका व्यक्त की गई। इसके अतिरिक्त जिन औषधियों का भंडारण 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तापमान पर किया जाना आवश्यक था, उन्हें सामान्य कमरे के तापमान पर रखा गया पाया गया।
छापेमारी के दौरान जब्त औषधियों का कुल मूल्य, लेबल पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) के अनुसार, लगभग 2,48,66,658.31 रुपये आंका गया। परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए औषधि निरीक्षक, गौतमबुद्धनगर द्वारा आठ औषधि उत्पादों के नमूने एकत्र किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार आयातित औषधि उत्पादों के नमूने सीडीएससीओ उत्तर जोन, गाजियाबाद द्वारा पृथक रूप से लिए जाएंगे।
कार्रवाई के दौरान आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया तथा जब्त औषधियों एवं अन्य संबंधित सामग्री को विधिक प्रक्रिया के तहत कब्जे में ले लिया गया। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






