ग्रेटर नोएडा, महिला सशक्तिकरण और युवतियों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में आयोजित पिंक रोजगार मेला सफल रहा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित इस मेले में 17 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जबकि 486 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। साक्षात्कार के बाद 263 युवतियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

रोजगार मेले का शुभारंभ दादरी विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मेधा रूपम, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, आर्या फैशन्स की संस्थापक खुशबू सिंह तथा प्रधानाचार्या दीपिका दुबे मौजूद रहीं।

- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए और जिला सेवायोजन कार्यालय व युवा शक्ति फाउंडेशन के बीच रोजगार संवर्धन के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर भी हुए।
विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि बेटियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना ही वास्तविक महिला सशक्तिकरण है, जबकि जिलाधिकारी मेधा रूपम ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “खुद को आम नहीं, खास बनाना है और सपनों को मेहनत से पहचान देनी है।”
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि जनपद में युवाओं को निजी क्षेत्र से जोड़ने के लिए ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन आगे भी लगातार किया जाएगा।






