ग्रेटर नोएडा- उत्तर प्रदेश को वैश्विक सोर्सिंग और व्यापार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा।
एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस बार ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार, 1.5 लाख से अधिक बी2बी विजिटर्स और 4.5 लाख से अधिक आम आगंतुकों के शामिल होने की उम्मीद है। उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में यूपीआईटीएस अहम भूमिका निभा रहा है। यह मंच निवेश, निर्यात, रोजगार और कारोबार विस्तार के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ रहेगा आकर्षण
इस वर्ष पहली बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को विशेष पहचान दी जाएगी। ओडीओपी के साथ प्रदेश के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय खान-पान और खाद्य विरासत को भी अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा।
6 पार्टनर देशों की भागीदारी
यूपीआईटीएस 2026 में ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पार्टनर देश होंगे। आयोजन में बी2बी मैचमेकिंग, नॉलेज सेशन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फैशन शो, लेजर शो और एआई, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग जैसे विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा भी होगी।
सरकार का मानना है कि यूपीआईटीएस 2026 व्यापार, संस्कृति, नवाचार और निवेश को एक मंच पर लाकर उत्तर प्रदेश की एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को गति देगा।






