मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के संबंध में अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि जनपद के सभी चिकित्सालयों एवं पैथोलॉजी केंद्रों द्वारा डेंगू धनात्मक (Positive) केस की सूचना उसी दिन स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि संबंधित क्षेत्र में निर्धारित 48 घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई एवं गतिविधियां सुनिश्चित की जा सकें। संबंधित विभागों द्वारा मौके पर आवश्यक निरोधात्मक एवं नियंत्रणात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में संबंधित प्राधिकरणों, नगर पंचायतों एवं नगर पालिकाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में एंटी-लार्वा गतिविधियों एवं फॉगिंग का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मदन मोहन मणि त्रिपाठी द्वारा नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों को बताया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सोर्स रिडक्शन की गतिविधियां लगातार संचालित की जाएं। घरों एवं परिसरों में कूलर, फ्रिज, पानी की टंकी, गमले तथा अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दिया जाए। यदि कहीं भी जलभराव अथवा पानी जमा पाया जाता है तो उसे तत्काल खाली कराया जाए तथा जनसामान्य को मच्छरजनित रोगों से बचाव के संबंध में जागरूक किया जाए। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति किर्ति वर्मा द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के दायित्वों एवं उनके द्वारा की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सभी संबंधित विभागों को अपना माइक्रोप्लान निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि माइक्रोप्लान के अनुसार संबंधित विभागों एवं मॉनिटरिंग एजेंसियों द्वारा संचालित गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
दस्तक अभियान के अंतर्गत जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा बताया गया कि आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक क्षेत्र में घर-घर जाकर संचारी रोगों से बचाव एवं रोकथाम के संबंध में जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। साथ ही बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की सूचना, आवश्यक सर्वेक्षण एवं संबंधित डेटा की प्रविष्टि सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की समय से जांच, परीक्षण एवं उपचार कराया जा सके। आवश्यकतानुसार एंटोमोलॉजिकल सर्वे भी कराया जाएगा।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, प्राधिकरणों, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






