नोएडा- कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग, टप्पेबाजी और चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 98 चोरी/लूट के मोबाइल फोन, 100 मोबाइल डिस्प्ले, 207 बैटरियां, 40 मोबाइल खोखे, 103 बैक पैनल, 10 पेंचकस, एक अवैध चाकू और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से कुल मिलाकर 300 से अधिक मोबाइल और उनके पार्ट्स बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर ग्रीन बेल्ट सेक्टर-63 से दो स्नैचर कुशल और रुपेश उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से लूट का एक मोबाइल, अवैध चाकू और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनकर अपने साथियों को बेच देते थे। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी के मोबाइल खरीदकर उनके पार्ट्स निकालने वाले छह अन्य आरोपियों निजामुद्दीन, आरिफ, सोनू, छोट्टे, गुलफाम और हारुन को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी और स्नैचिंग के मोबाइल फोन 1500 से 2000 रुपये में खरीदते थे। इसके बाद मोबाइल के पार्ट्स अलग कर उन्हें बाजार में बेचकर मुनाफा कमाते थे।
बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र से चोरी की निकली है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-63 में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

