जेवर। थाना जेवर पुलिस ने एटीएम बदलकर लोगों के बैंक खातों से पैसे निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 103 एटीएम कार्ड, एक अवैध तमंचा मय जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू और एटीएम स्वैप मशीन बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आफताब पुत्र साबिर, सलमान पुत्र आजाद और अमीरूद्दीन पुत्र इमामुद्दीन के रूप में हुई है। तीनों आरोपी बुलंदशहर के सलेमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चिट्टा के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने तीनों को 9 अगस्त 2026 को यमुना एक्सप्रेसवे के आरआर साइट अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।
एटीएम बदलकर करते थे खातों में सेंधमारी
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम बूथ पर लोगों को अपने झांसे में लेकर उनका एटीएम कार्ड धोखे से बदल लेते थे। इसके बाद उनके पास मौजूद असली कार्ड के जरिए बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे।
आरोपियों के पास से बरामद एटीएम स्वैप मशीन के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि चोरी किए गए एटीएम कार्ड को इस मशीन पर स्वैप कर उसका इस्तेमाल करते थे और इसके जरिए पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित तरीके से वारदात को अंजाम देते थे और गिरोह के सदस्यों के खिलाफ अलग-अलग जनपदों के थानों में चोरी, धोखाधड़ी, लूट, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हथियार भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना जेवर में मु0अ0सं0 285/2026, धारा 318(4)/317(5) बीएनएस एवं 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के कब्जे से एटीएम कार्ड के अलावा एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।
अलग-अलग थानों में दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सलमान के खिलाफ आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, मेरठ, मुरादाबाद, हापुड़ और गौतमबुद्धनगर सहित विभिन्न जनपदों में धोखाधड़ी, चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
अमीरूद्दीन के खिलाफ बुलंदशहर, अलीगढ़ और मुरादाबाद में चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं आफताब के खिलाफ बुलंदशहर, हापुड़, दादरी और जेवर क्षेत्र में चोरी, धोखाधड़ी एवं अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी
103 एटीएम कार्ड
01 अवैध तमंचा
01 जिंदा कारतूस
01 अवैध चाकू
01 एटीएम स्वैप मशीन
जेवर पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने अब तक कितने लोगों को अपना निशाना बनाया और एटीएम बदलकर कितनी रकम की ठगी की है।






