गौतमबुद्धनगर
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार प्रगति का समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें, ताकि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सके। उन्होंने विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान अतिरिक्त ऊर्जा, ग्रामीण विकास, ग्रामीण जलापूर्ति, पंचायती राज, प्राथमिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण सहित अन्य संबंधित विभागों की सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पोर्टल पर आवश्यक सूचनाएं एवं प्रविष्टियां नियमित रूप से अद्यतन रखी जाएं, जिससे विभागीय प्रगति की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। विभागाध्यक्ष अपने-अपने विभागों की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्ययोजना तैयार कर कम प्रगति वाले क्षेत्रों में तत्काल अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए।
विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय अनुश्रवण करते हुए गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके अतिरिक्त सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य किया जाए तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






