ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की थाना बिसरख पुलिस ने 22 अक्टूबर की रात रोजा गोलचक्कर के पास चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जितेन्द्र उर्फ जीतू पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी पिन्टू को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर रोजा याकूबपुर के 6 प्रतिशत पार्क सर्विस रोड पर दोनों बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया।
दो चोरी की वारदातों का खुलासा
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने 27 अगस्त 2026 को सीएचसी बिसरख परिसर में एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर आभूषण चोरी करने तथा 13 अक्टूबर 2026 को रोजा जलालपुर की एक कॉलोनी में बंद मकान से आभूषण और नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। इन मामलों में थाना बिसरख में मुकदमे दर्ज हैं।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने जैसी पीली धातु के मंगलसूत्र, हार, अंगूठी और झुमकी, चांदी जैसी सफेद धातु की पायल, कमरबंद और चार कड़े, एक लेडीज घड़ी, 11,450 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। इनमें प्लास, पाना रिंच, हथौड़ा और दो छैनी शामिल हैं। घायल आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी मिला है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू का विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों का इतिहास दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






