नोएडा। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में रविवार, 1 नवंबर 2026 को पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108 में यातायात माह-2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया तथा यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर पुलिस आयुक्त अजय कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों की जानकारी होना और उनका पालन करना बेहद जरूरी है। नवंबर माह में यातायात पुलिस द्वारा प्रवर्तन विभाग, ट्रैफिक वॉलंटियर्स, ट्रैफिक एंजेल्स और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ‘स्मार्ट बनें-सुरक्षा चुनें’ के संदेश को अपनाते हुए यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

इस दौरान Trax NGO, YSS NGO, BHOOKH NGO, NIET कॉलेज, एपीजे स्कूल और विवेकानंद पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ का संदेश दिया। वहीं, Trax NGO के सहयोग से महिलाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘रोड सखी’ अभियान का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में यातायात संबंधी उपकरणों की जानकारी देने के लिए विशेष ट्रैफिक स्टॉल लगाए गए। इनमें स्पीड रडार, डेसीबल मीटर और बॉडी वार्न कैमरा सहित अन्य उपकरणों का प्रदर्शन कर उनके उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके बाद जागरूकता रैली पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108 से शुरू होकर सेक्टर-105, हाजीपुर चौक, सेक्टर-47, सेक्टर-100, सेक्टर-107, सेक्टर-46, डीएससी मार्ग, छलैरा, सेक्टर-37, बॉटनिकल गार्डन, सेक्टर-18 मार्केट, रजनीगंधा चौक, सेक्टर-15 गोलचक्कर और सेक्टर-15ए सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए सेक्टर-14ए में संपन्न हुई।
कार्यक्रम में डीसीपी यातायात सैयद अली अब्बास, डीसीपी नोएडा प्रीति यादव, डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, डीसीपी लाइन शैलेन्द्र कुमार सिंह, एडीसीपी यातायात मनीषा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरविन्द कुमार मिश्रा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, फोनरवा अध्यक्ष, ट्रांसपोर्ट यूनियन के प्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
यातायात माह के माध्यम से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देना और सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाना है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






