गौतमबुद्धनगर
मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास भवन के कार्यालय कक्ष में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी तथा बाल विकास परियोजना अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया।
बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया गया कि शासन के निर्देशों के क्रम में संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तथा दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जा रहा था। शासन द्वारा अभियान की अवधि बढ़ाते हुए अब संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को 10 अगस्त 2026 तक संचालित किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान की विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन विभागों के प्रदर्शन इंडिकेटर औसत से कम हैं, वे तत्काल आवश्यक कार्यवाही करते हुए उनमें सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे माइक्रोप्लान के अनुसार नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर अभियान की प्रभावी निगरानी करें।
उन्होंने चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिए कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से डायरिया से पीड़ित रोगियों को ओआरएस के पैकेट एवं जिंक की गोलियां समय से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण, नगर पालिकाओं तथा नगर पंचायतों को एंटी-लार्वा छिड़काव एवं नालियों की नियमित साफ-सफाई के लिए व्यापक अभियान संचालित हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके अतिरिक्त पंचायत राज विभाग को ग्राम क्षेत्रों में झाड़ियों की कटाई एवं साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए इसे पूर्ण गंभीरता, समन्वय और जनसहभागिता के साथ सफल बनाया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान को गति प्रदान करें, जिससे संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके

