नोएडा- कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की सेक्टर-20 थाना पुलिस और SOG टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए Flipkart और Amazon जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों के सामान की चोरी और अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 75 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सेक्टर-69 स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर वासिद खान, सुनील कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र और रघुराज सिंह को गिरफ्तार किया गया। मौके से 50 बोरे और 50 कपड़ों के कार्टन सहित बड़ी मात्रा में प्रोटीन पाउडर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, जूते, कपड़े, बेबी वाइप्स, बीपी और शुगर जांच मशीनें, कान की मशीनें तथा Flipkart और Amazon के अन्य सामान बरामद किए गए।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह पिछले तीन-चार महीनों से ई-कॉमर्स कंपनियों के डिलीवरी नेटवर्क का दुरुपयोग कर रहा था। गिरोह से जुड़े डिलीवरी बॉय हब से सामान लेकर निकलने के बाद रास्ते में महंगे उत्पाद निकालकर उनकी जगह सस्ता सामान या खाली पैकेट रख देते थे। इसके बाद चोरी का सामान गिरोह के अन्य सदस्य खरीदकर बाजार और ग्राहकों को बेच देते थे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि बरामद सामान की वास्तविक पहचान और संबंधित ई-कॉमर्स कंपनियों से मिलान की प्रक्रिया भी जारी है।






