गौतमबुद्धनगर
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में जिला पुस्तकालय समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पुस्तकालय की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री, पाठक पंजीकरण, आधारभूत सुविधाओं, शैक्षिक एवं पठन-पाठन प्रोत्साहन कार्यक्रमों के साथ-साथ पुस्तकालय के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसहभागिता बढ़ाने से संबंधित विषयों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला पुस्तकालय केवल पुस्तकों के अध्ययन का केंद्र न होकर विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों, शोधार्थियों तथा आम नागरिकों के लिए ज्ञान, नवाचार और बौद्धिक विकास का सशक्त माध्यम बने। उन्होंने निर्देश दिए कि पाठकों की आवश्यकताओं एवं समकालीन विषयों को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय में नवीन, उपयोगी एवं गुणवत्तापूर्ण पुस्तकों, पत्र-पत्रिकाओं तथा अन्य अध्ययन सामग्री की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में पुस्तकालय के पाठक पंजीकरण एवं सदस्यता की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों को पुस्तकालय से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से पुस्तकालय के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने और उन्हें नियमित रूप से पुस्तकालय से जोड़ने हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने पुस्तकालय भवन, फर्नीचर, कंप्यूटर, इंटरनेट, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पाठकों को अध्ययन के लिए शांत, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में पुस्तक प्रदर्शनी, पुस्तक चर्चा, व्याख्यान, करियर मार्गदर्शन, साहित्यिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों सहित पठन-पाठन को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला पुस्तकालय को जनपद के विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं आम नागरिकों के लिए अधिक उपयोगी, आधुनिक एवं आकर्षक ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु प्राप्त सुझावों पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण प्रेरणा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, राजकीय इंटर कॉलेज सेक्टर-12, नोएडा के प्रधानाचार्य तथा राजकीय जिला पुस्तकालय, सेक्टर-12, नोएडा के समिति सदस्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

