ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने घरों और निर्माणाधीन इमारतों में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 37 लोहे के पाइप, वारदात में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो रिक्शा और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरि शंकर पुत्र राम प्रकाश निवासी हमीरपुर, हाल निवासी थाना बीटा-2 क्षेत्र और शेरू पुत्र बाबू निवासी उस्मानपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों को 9 अगस्त 2026 को सेक्टर सिग्मा-1 के सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया गया।
सवारी बैठाने के बहाने करते थे रेकी
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हरि शंकर सीएनजी ऑटो चलाता था। दिन और रात के समय सेक्टरों में सवारियां लाने-ले जाने के दौरान वह ऐसे मकानों और निर्माणाधीन भवनों की रेकी करता था, जो बंद पड़े रहते थे और जहां निगरानी कम होती थी। इसके बाद अपने साथी शेरू के साथ मिलकर वहां से लोहे, स्टील, पीतल आदि सामान चोरी कर लेते थे।
चोरी किए गए सामान को ऑटो रिक्शा में लादकर दोनों आरोपी उसे बेच देते थे और उससे प्राप्त धन को आपस में बांट लेते थे। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपी अपने पास अवैध चाकू भी रखते थे।
सेक्टर-36 की निर्माणाधीन बिल्डिंग से चुराए थे पाइप
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने 30 जुलाई 2026 को सेक्टर-36 स्थित ई-87 की निर्माणाधीन बिल्डिंग से लोहे के पाइप आदि चोरी किए थे। इस संबंध में 31 जुलाई को थाना बीटा-2 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हरि शंकर के खिलाफ थाना सूरजपुर में चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा-2 में भी संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
बरामदगी
चोरी किए गए 37 लोहे के पाइप
वारदात में प्रयुक्त एक सीएनजी ऑटो रिक्शा
दो अवैध चाकू
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और पूर्व में की गई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।






