ग्रेटर नोएडा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने एसीपी-2 सेंट्रल नोएडा पवन कुमार के साथ पुलिस बल लेकर थाना बिसरख क्षेत्र के बाजारों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग की।

इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग करने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही सभी पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सतर्कता बरती जा रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






