नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की सर्विलांस सेल सेंट्रल नोएडा और विभिन्न थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए लोगों के गुम हुए 157 कीमती स्मार्टफोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए।
पुलिस उपायुक्त नोएडा के निर्देशन में चलाए गए ‘मिशन सहयोग’ के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने सर्विलांस और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन खोजकर बरामद किए।

भीड़भाड़ से लेकर शादी समारोह तक खोए थे मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए मोबाइल फोन अलग-अलग परिस्थितियों में गुम हुए थे। इनमें बाजारों, सब्जी मंडियों, साप्ताहिक बाजारों, ऑटो, टैक्सी, बस और मेट्रो में छूटे मोबाइल शामिल हैं।
इसके अलावा बाइक चलाते समय जेब से गिरने, ई-रिक्शा में सफर करने, मजदूरों के कार्यस्थलों, सार्वजनिक पार्कों, शादी समारोहों, धार्मिक स्थलों और बड़े आयोजनों में भीड़ के दौरान खोए मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कुछ मोबाइल फोन शराब के नशे में गिरने, बच्चों के खेलते समय छूटने और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर गुम होने के मामले भी सामने आए।
संयुक्त पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका
मोबाइल फोन बरामद करने वाली टीम में:
महिला उपनिरीक्षक पिंकी कादियान – सर्विलांस सेल सेंट्रल नोएडा।
उपनिरीक्षक आशीष कुमार – थाना बिसरख।
महिला कांस्टेबल 568 पूनम – सर्विलांस सेल सेंट्रल नोएडा।
कांस्टेबल 744 वरुण – सर्विलांस सेल सेंट्रल नोएडा।
पुलिस की इस कार्रवाई से 151 लोगों को उनके खोए हुए कीमती मोबाइल फोन वापस मिल सके। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार जताया।
पुलिस की इस पहल को आमजन की सहायता और उनकी खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






