ग्रेटर नोएडा। बुधवार रात और बृहस्पतिवार सुबह हुई तेज बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीमें सुबह से ही फील्ड में सक्रिय रहीं। वर्क सर्किल की टीमों के साथ एसीईओ, महाप्रबंधक, उपमहाप्रबंधक तथा अन्य अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण करते रहे। जहां भी जलभराव की सूचना मिली, वहां तत्काल पंप लगाकर पानी की निकासी कराई गई तथा ड्रेनेज सिस्टम और नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया गया।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने भारी बारिश के मद्देनजर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फील्ड में रहकर सतर्कता बरतने तथा जलभराव की शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। सीईओ के निर्देशों का असर पूरे दिन देखने को मिला और वर्क सर्किल के सुपरवाइजर से लेकर प्रभारी तक अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी करते रहे।
जलभराव की स्थिति पर नजर रखने के लिए सभी वर्क सर्किल की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार अपडेट साझा करती रहीं। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने सेक्टर ईकोटेक-2 एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जबकि एसीईओ सुमित यादव ने ईकोटेक-3 एवं 130 मीटर रोड का जायजा लिया। इसके अलावा जीएम ए.के. सिंह तथा डीजीएम विजय कुमार रावल भी फील्ड में डटे रहे। विजय कुमार रावल ने बैनेट विश्वविद्यालय, सिरसा गोलचक्कर, ट्रकर्स प्वाइंट एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रमुख गोलचक्करों और संवेदनशील स्थानों पर जलभराव रोकने के लिए विशेष टीमें तैनात रहीं।
वर्क सर्किल एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें ग्रामवार निर्धारित शेड्यूल के अनुसार नालों की सफाई भी कर रही हैं, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या को कम किया जा सके। वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, नागेंद्र सिंह, नरोत्तम सिंह, प्रभात शंकर सहित सभी वर्क सर्किल के प्रबंधक, सहायक प्रबंधक एवं सुपरवाइजर भी लगातार फील्ड में रहकर स्थिति की निगरानी करते रहे।
निरीक्षण के दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के अध्यक्ष अमित उपाध्याय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा एवं कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल भी पूरे समय अधिकारियों के साथ मौजूद रहे। आईबीए पदाधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्र के प्रमुख जलभराव वाले स्थानों को मौके पर चिह्नित कर अधिकारियों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया तथा प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सभी टीमें 24 घंटे सतर्क हैं और शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

