गौतमबुद्धनगर
शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद के 01 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस आगामी 10 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों को आच्छादित करने के लिए 14 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों की समीक्षा हेतु मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की अंतर्विभागीय बैठक आयोजित हुई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं कुपोषण से बचाव की दिशा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस शासन का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि माइक्रो प्लान तैयार कर समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि जनपद का कोई भी पात्र बच्चा एल्बेंडाजोल की दवा से वंचित न रहे।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, प्रोबेशन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लक्षित बच्चों की संख्या के अनुसार सभी आयोजन स्थलों पर एल्बेंडाजोल गोलियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि माइक्रो प्लान के अंतर्गत सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कौशल विकास संस्थानों, श्रमिकों के बच्चों आदि को भी अभियान से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा कृमि मुक्ति कार्यक्रम से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी विभागों को व्यापक जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि अभिभावकों को कृमि मुक्ति के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जा सके।
बैठक में सफल संचालन उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.पी. सिंह एवं डीईआईसी प्रबंधक द्वारा किया गया एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान की कार्ययोजना, दवा वितरण व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार झा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उबेद कुरैशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) अनामिका सिंह, एसएमओ डॉ. जितेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






