गौतमबुद्धनगर
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति/गौतमबुद्धनगर के प्रशासनिक न्यायाधीश अजय भनोट ने अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के प्रथम दिवस पर आज जनपद न्यायालय, गौतमबुद्धनगर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर माननीय जिला न्यायाधीश, पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी एवं समस्त न्यायिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

निरीक्षण के दौरान जनपद के माननीय प्रशासनिक न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर न्यायालयों की कार्यप्रणाली, लंबित वादों के समयबद्ध निस्तारण, न्यायिक कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा न्यायिक सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनसुलभ बनाए जाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं उत्तरदायी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए न्यायपालिका एवं अधिवक्ताओं के मध्य बेहतर समन्वय, न्यायिक मर्यादा और पेशेवर मूल्यों को बनाए रखने पर बल दिया। बाद में उन्होंने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से संवाद कर उनके सुझाव भी प्राप्त किए।
माननीय प्रशासनिक न्यायाधीश ने न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने जनपद न्यायाधीश के कक्ष में न्यायिक अधिकारियों के साथ पुनः विचार-विमर्श किया तथा बैठक कक्ष में जिला न्यायालय के कर्मचारियों से संवाद करते हुए उनकी कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों एवं न्यायालय के सुचारु संचालन से जुड़े विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसर की प्रशासनिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा जिला न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






