गौतमबुद्धनगर
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 165 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक और एक कार के साथ चार मोबाइल फोन, 1,980 रुपये नकद तथा एक बैंक कार्ड भी बरामद किया है।
कूड़ी खेड़ा मोड़ के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, थाना बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम ने स्थानीय इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इस दौरान दादरी से लालकुआं की ओर जाने वाली सड़क पर कूड़ी खेड़ा मोड़ के पास से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दिनेश पाल, समीर कुमार और रवि कुमार साहनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर गांजे की तस्करी कर रहे थे।
ट्रक में बनाई थी गुप्त कैविटी
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त रवि कुमार साहनी कथित तौर पर भुवनेश्वर से ट्रक में गांजा लाकर दिनेश पाल और समीर कुमार को बेचने के लिए देता था। इसके बाद आरोपी दिल्ली क्षेत्र में गांजे की फुटकर और थोक में बिक्री कर मुनाफा कमाते थे।
पुलिस के अनुसार, तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक में गांजा छिपाने के उद्देश्य से एक गुप्त कैविटी बनाई गई थी। यह कैविटी करीब दो महीने पहले दिनेश पाल ने बनवाई थी, ताकि पुलिस चेकिंग के दौरान गांजे को छिपाया जा सके।
गैंग का सरगना पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त दिनेश पाल इस तस्करी गिरोह का सरगना है। वह वर्ष 2021 में करीब ढाई क्विंटल गांजे की बरामदगी से जुड़े एक मामले में लगभग 15 महीने जेल में रह चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
दिनेश पाल पुत्र जय नाथ पाल, निवासी संजय कॉलोनी, भाटी माइंस, थाना फतेहपुर बेरी, दक्षिण दिल्ली। मूल निवासी बिहार। उम्र करीब 42 वर्ष।
समीर कुमार पुत्र केशो मंडल, निवासी शीश महल पार्क, शालीमार गांव, उत्तर-पश्चिम दिल्ली। मूल निवासी मुंगेर, बिहार। उम्र करीब 47 वर्ष।
रवि कुमार साहनी पुत्र मनोज साहनी, निवासी ग्राम केरया डीह, थाना कुढ़नी, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार। उम्र करीब 33 वर्ष।
यह हुई बरामदगी
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
165 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा, अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये।
तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, रजिस्ट्रेशन नंबर HR38W4677।
एक कार, रजिस्ट्रेशन नंबर HR55AY4194।
चार मोबाइल फोन।
1,980 रुपये नकद।
एक बैंक कार्ड।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना बादलपुर में मुकदमा अपराध संख्या 317/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।






