ग्रेटर नोएडा- गौतमबुद्धनगर के थाना जारचा क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। प्यावली डैम के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर एक बदमाश ने खुद को घिरा देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान कमल उर्फ कमलुआ उर्फ कल्लू (28 वर्ष) पुत्र राजेंद्र, निवासी ग्राम जगन्नाथपुर, थाना गुन्नौर, जनपद संभल के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और 7,560 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद रुपये चोरी के बकरे बेचकर प्राप्त किए गए थे। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल सहित फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
दिल्ली-एनसीआर में बकरा चोरी करने वाला गैंग संचालित करने का आरोप
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि घायल आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर बकरा चोरी करने वाला संगठित गैंग संचालित करता था। गैंग के सदस्य पहले मोटरसाइकिल से अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर उन स्थानों की रेकी करते थे, जहां बड़ी संख्या में बकरे रखे जाते थे। इसके बाद रात के समय चार पहिया वाहन से मौके पर पहुंचकर बकरों को चोरी कर लिया जाता था। चोरी किए गए बकरों को दिल्ली में बेचकर मिलने वाली रकम गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उसके गैंग द्वारा गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल समेत दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में बकरा चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है।
आरोपी पर दर्ज हैं 15 मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कमल उर्फ कमलुआ उर्फ कल्लू के खिलाफ चोरी, अवैध हथियार, गोवध और आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना जारचा में वर्ष 2026 में दर्ज दो मुकदमे भी शामिल हैं।
बरामदगी
एक अवैध .315 बोर तमंचा।
एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस।
चोरी के बकरे बेचकर प्राप्त 7,560 रुपये।
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और गैंग के अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फरार साथी की तलाश के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।






