गौतमबुद्धनगर – आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जनपद गौतम बुद्ध नगर की तीनों तहसीलों में आज संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तीनों तहसीलों में कुल 228 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 18 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया, जबकि शेष शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। 
जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर ने तहसील जेवर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तहसील जेवर में कुल 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि शासन जनता की समस्याओं के प्रति अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का निस्तारण गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करने तथा शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में बरगद का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जनसामान्य से अधिकाधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता निभाने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मदन मोहन मणि त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक (डीआरडीए) नेहा, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, तहसीलदार जेवर ओमप्रकाश पासवान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में तहसील दादरी में अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 बच्चू सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 119 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 06 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 06 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






