ग्रेटर नोएडा
समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिला अध्यक्ष गौतम बुद्ध नगर एवं अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा उत्तर प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शशि यादव ने शुक्रवार को जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर को ग्रेटर नोएडा वेस्ट की मूलभूत नागरिक सुविधाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गौर सिटी-2 सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ती आबादी के अनुरूप नागरिक सुविधाओं के विकास पर जोर देते हुए गंगा जलापूर्ति शीघ्र शुरू करने, मेट्रो परियोजना का विस्तार, रेलवे कनेक्टिविटी मजबूत करने, सार्वजनिक बस सेवाओं में वृद्धि तथा जर्जर और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं चौड़ीकरण की मांग की गई।

डॉ. शशि यादव ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट आज लाखों लोगों का आवासीय केंद्र बन चुका है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण क्षेत्रवासियों को प्रतिदिन अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल, सुगम परिवहन व्यवस्था और सुरक्षित सड़कें प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं तथा इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई से क्षेत्र के संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने प्रशासन से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। जिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित विभागों से परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
डॉ. शशि यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से निर्णय लेकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों नागरिकों को राहत प्रदान करेगा।

