गौतमबुद्धनगर
उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत आज ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडीटोरियम में जनपद स्तरीय कैशलेस कार्ड वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आगरा में आयोजित मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा देखा गया।

- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
संजीव प्रसारण के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मा0 विधायक दादरी तेजपाल नागर, मा0 विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, मा0 जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री वीरेंद्र भाटी, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर सहित अन्य अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

मा0 विधायक दादरी तेजपाल नागर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करते हुए उन्हें पूरी निष्ठा के साथ राष्ट्र निर्माण के कार्य में योगदान देने के लिए और अधिक सशक्त बनाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज एवं राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करेगी। उन्होंने सभी पात्र शिक्षकों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में मा0 विधायक दादरी तेजपाल नागर द्वारा 40 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कैशलेस कार्ड वितरित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षकों ने कार्ड प्राप्त कर योजना के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं उपस्थित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।






