ग्रेटर नोएडा। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार एवं एसीपी-1 ग्रेटर नोएडा कृष्ण पाल सिंह के साथ स्थानीय पुलिस बल को लेकर थाना बीटा-2 क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस अधिकारियों ने ओमेक्स मॉल, अल्फा मार्केट, जगत फार्म सहित अन्य प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच की गई तथा आमजन की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क निगरानी बनाए रखी जाए।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






