नोएडा: थाना सेक्टर-63 पुलिस ने 1/2 नवंबर 2026 की देर रात मुठभेड़ के बाद लिफ्ट देने के बहाने लोगों को बाइक पर बैठाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बहलोलपुर अंडरपास से ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।

घायल बदमाशों की पहचान – विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू निवासी दिल्ली और राजेश उर्फ ढेड़ा निवासी बसई, नोएडा के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, पुलिस ने कांबिंग के दौरान इनके दो अन्य साथियों शंकर शर्मा निवासी सुत्याना और कपिल कश्यप निवासी बसई को भी गिरफ्तार कर लिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अवैध हथियार और दो मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू और एक अन्य चाकू बरामद किया है। इसके अलावा एक बुलेट और एक अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुई हैं। बरामद बुलेट मोटरसाइकिल थाना फेस-3 में दर्ज मुकदमा संख्या 395/2025 तथा अपाचे मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-49 में दर्ज मुकदमा संख्या 526/2025 से संबंधित बताई गई है।

लिफ्ट देने के बहाने करते थे लूटपाट
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। ये आम लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी पर बैठाते थे और सुनसान रास्तों पर ले जाकर उनके साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। इसके बाद पीड़ितों को सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






