ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों और सेक्टरों में स्ट्रे डॉग की समस्या के समाधान के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पहल तेज कर दी है। प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग की अगुवाई में प्रत्येक सप्ताह सोसाइटीवार बैठक आयोजित कर डॉग फीडिंग पॉइंट निर्धारित करने और इससे जुड़े विवादों के समाधान पर जोर दिया जा रहा है। 
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर आयोजित इन बैठकों की अध्यक्षता महाप्रबंधक स्वास्थ्य आरके भारती कर रहे हैं। बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, संबंधित थानाध्यक्ष, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति (SPCA), ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पशु चिकित्सक, एचसीएल फाउंडेशन, अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन/एस्टेट मैनेजर और डॉग फीडर्स के प्रतिनिधि शामिल होते हैं।
शुक्रवार को हुई बैठक में AWHO और गोदरेज गोल्फ लिंक सोसाइटी में डॉग फीडिंग पॉइंट बनाने पर आपसी सहमति बनी। बैठक में सोसाइटी प्रबंधन, डॉग फीडर्स और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर ऐसी जगह निर्धारित करने पर जोर दिया गया, जहां डॉग फीडिंग व्यवस्थित तरीके से हो सके और सोसाइटी के निवासियों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक के दौरान Animal Birth Control (ABC) Rules के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया। प्राधिकरण की ओर से सभी संबंधित पक्षों से आपसी समन्वय और सहमति के आधार पर डॉग फीडिंग पॉइंट निर्धारित करने की अपील की जा रही है, ताकि आवारा कुत्तों से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ सोसाइटी में होने वाले आपसी विवादों का भी समाधान किया जा सके।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 31 दिसंबर तक 24 सोसाइटियों के लिए तिथिवार बैठक कार्यक्रम जारी किया है। प्रत्येक सोसाइटी में संबंधित पक्षों के साथ चर्चा कर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि सोसाइटीवार बैठकों के माध्यम से सभी पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे डॉग फीडिंग पॉइंट निर्धारित करने के साथ-साथ स्ट्रे डॉग से जुड़े विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने में भी मदद मिलेगी।
प्राधिकरण का उद्देश्य है कि नियमों का पालन करते हुए डॉग फीडिंग की व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए और सोसाइटियों में रहने वाले लोगों तथा पशु प्रेमियों, दोनों के हितों के बीच संतुलन कायम रखा जाए।
ग्रेटर नोएडा- आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान की पहल: AWHO और गोदरेज गोल्फ लिंक सोसाइटी में डॉग फीडिंग पॉइंट पर बनी सहमति

