ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना बिसरख पुलिस ने 4 अभियुक्तों और 1 अभियुक्ता समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य आम लोगों को नकली सोना दिखाकर तथा कागजों की गड्डी के ऊपर-नीचे असली नोट लगाकर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद सोने के बदले नकदी अथवा ज्वैलरी लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु के 2 मोतियों के गुच्छे, जिनका कुल वजन 5 किलो 224 ग्राम, पीली धातु के सिक्के जिनका वजन 3 किलो 338 ग्राम, 3 लाख रुपये नकद, 10 कीपैड मोबाइल फोन, 9 मोबाइल बैट्री, 6 स्मार्टफोन तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है।
महिला को ज्वैलरी का लालच देकर बनाया था शिकार
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के मुताबिक, 10 जुलाई 2026 को फ्यूजन होम्स सोसाइटी की मार्केट में पीड़िता की माता के साथ टप्पेबाजी की घटना हुई थी। दो आरोपियों ने महिला को बातचीत में उलझाकर बताया कि एक व्यक्ति अपने मालिक के घर से पैसे लेकर आया है और उसके पास काफी रकम है। इसके बाद आरोपियों ने आपस में पैसे बांटने का लालच देते हुए महिला से अपनी ज्वैलरी देने के लिए कहा।
आरोपियों की बातों में आकर महिला ने अपनी सोने की चेन और कान के कुंडल उन्हें दे दिए। इसके बाद दोनों आरोपी महिला को गुमराह कर मौके से फरार हो गए। मामले में थाना बिसरख पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
CCTV और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

घटना के खुलासे के लिए थाना बिसरख पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, CCTV फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस ने 14 अगस्त 2026 को नेफोवा छट घाट की ग्रीन बेल्ट से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशोर राय, विशाल राय, संजू राय, सेवा राम राय और मीना के रूप में हुई है। सभी आरोपी मूल रूप से फिरोजाबाद के जैन नगर क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में शाहबेरी क्षेत्र में रह रहे थे।
पूछताछ में सामने आया ठगी का तरीका
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी किशोर राय और अन्य आरोपियों ने बताया कि वे मिलकर लोगों को नकली सोना दिखाकर तथा कागजों की गड्डी के ऊपर और नीचे असली नोट लगाकर अपने झांसे में लेते थे। इसके बाद सोने के बदले लोगों से नकदी अथवा ज्वैलरी लेकर फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपी
किशोर राय पुत्र सेवा राम, उम्र करीब 42 वर्ष।
विशाल राय पुत्र धर्मा, उम्र करीब 21 वर्ष।
संजू राय पुत्र भाल चन्द्र, उम्र करीब 30 वर्ष।
सेवा राम राय पुत्र हीरा लाल, उम्र करीब 60 वर्ष।
मीना पत्नी सेवा राम, उम्र करीब 56 वर्ष।
बरामदगी
पीली धातु के 2 मोतियों के गुच्छे — 5 किलो 224 ग्राम
पीली धातु के सिक्के — 3 किलो 338 ग्राम
3 लाख रुपये नकद
विभिन्न कंपनियों के 10 कीपैड मोबाइल फोन
9 मोबाइल बैट्री
6 स्मार्टफोन
1 अवैध चाकू
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 556/26, धारा 318(3), 317(2) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट, थाना बिसरख के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।






