ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को नई गति देने की दिशा में गुरुवार को जेवर में एक बड़ी औद्योगिक परियोजना की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-08 में आयोजित सीएनएच (CNH) ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल होकर आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण प्लांट की आधारशिला रखी। करीब 1200 करोड़ रुपये के निवेश से 100 एकड़ भूमि पर इस प्लांट की स्थापना की जाएगी, जिससे लगभग 1200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।

कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज निवेश के लिए देश के प्रमुख राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति तथा मजबूत कानून-व्यवस्था ने प्रदेश में निवेश का अनुकूल वातावरण तैयार किया है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन चुका है और जेवर आज भारत के ‘गहने’ के रूप में निवेश का सर्वश्रेष्ठ गंतव्य बन गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा क्षेत्र के विकास से यह पूरा इलाका बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में उभर रहा है। यहां एचसीएल, फॉक्सकॉन के सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं आकार ले रही हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं, जबकि आगामी इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग होने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है और स्टार्टअप की संख्या भी 120 से बढ़कर 25 हजार तक पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का यह प्लांट कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक विनिर्माण को नई गति देगा। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रदेश की बढ़ती संभावनाओं का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। स्पष्ट नीतियों, मजबूत कानून-व्यवस्था और निवेश अनुकूल वातावरण के चलते बड़े औद्योगिक समूह प्रदेश में निवेश कर रहे हैं। इससे युवाओं, उद्यमियों और स्थानीय नागरिकों के लिए रोजगार एवं कारोबार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
कृषि एवं कृषि शिक्षा राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि यह औद्योगिक इकाई किसानों और कृषि क्षेत्र की बेहतरी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। आधुनिक ट्रैक्टरों के निर्माण से कृषि क्षेत्र को लाभ मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
परियोजना के तहत सीएनएच इंडस्ट्रियल को यीडा क्षेत्र में 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी लगभग 1200 करोड़ रुपये का निवेश कर आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी। इससे करीब 1200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही इससे जुड़े अन्य कारोबारों के माध्यम से अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद्र शर्मा, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद, सीएनएच बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की चेयरपर्सन लेडी सुजेन हेवुड, सीएनएच के सीईओ गैरेट मार्क्स, प्रेसिडेंट एवं मैनेजिंग डायरेक्टर नरेंद्र मित्तल, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह सहित शासन, प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।






