ग्रेटर नोएडा
शारदीय नवरात्रि पर्व को देखते हुए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बुधवार को नई बस्ती दादरी स्थित सिटी मॉल पर छापेमारी की। इस दौरान छह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
वहीं, भ्रामक जानकारी अंकित होने के कारण करीब 240 लीटर घी और पैकिंग संबंधी अनियमितताओं के चलते लगभग 18 किलोग्राम मिर्च पाउडर सीज किया गया।

छह खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के अनुसार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कम्यूनिटी (Cmunity) प्राइवेट लिमिटेड के सिटी मॉल पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने निम्नलिखित छह खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए:
अवतार ब्रांड घी
अवतार ब्रांड गाय का घी
मिर्च पाउडर
मखाना
सरसों का तेल
कुट्टू का आटा
सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

240 लीटर घी और 18 किलो मिर्च पाउडर सीज
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान करीब 240 लीटर घी को सीज किया। विभाग के मुताबिक, घी पर विटामिन और मिनरल्स होने संबंधी भ्रामक जानकारी अंकित थी। वहीं, लगभग 18 किलोग्राम मिर्च पाउडर पर पैकिंग तिथि और बैच नंबर जैसी आवश्यक जानकारियां अंकित नहीं थीं। इसे मिथ्याछाप पाए जाने के कारण सीज किया गया।
खाद्य कारोबारियों को दिए सख्त निर्देश
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लाइसेंस प्राप्त या पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें। खरीदारी के दौरान बिल अवश्य प्राप्त करें और खाद्य पदार्थों की निर्माण तिथि, बैच नंबर सहित अन्य जरूरी जानकारियों की जांच करने के बाद ही उनका भंडारण और बिक्री करें।
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिलाधिकारी के निर्देशन में आगे भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और छापेमारी का अभियान जारी रहेगा। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।






