ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना बीटा-2पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, चार फर्जी नंबर प्लेट, एक पेचकस (मास्टर चाबी) और एक अवैध चाकू बरामद किया है। दोनों आरोपियों को 16 अक्टूबर 2026 को सेक्टर गामा-1 स्थित ग्रीन बेल्ट की झाड़ियों के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रबल यादव उर्फ प्रदीप निवासी फिरोजाबाद, वर्तमान पता बिसरख जलालपुर, गौतमबुद्धनगर और सोहिल निवासी जिला डीग, राजस्थान के रूप में हुई है।
मास्टर चाबी से करते थे मोटरसाइकिल चोरी
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे और फिर मास्टर चाबी की मदद से उन्हें चोरी कर लेते थे। आरोपी कथित तौर पर गाजियाबाद, दिल्ली, हरियाणा, नोएडा और ग्रेटर नोएडा सहित एनसीआर क्षेत्र में वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी के बाद मोटरसाइकिलों के चेसिस नंबर घिसकर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे, ताकि उनकी पहचान छिपाई जा सके।
अलग-अलग राज्यों में दर्ज हैं चोरी के मुकदमे
पुलिस ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों में से एक हीरो स्प्लेंडर के संबंध में थाना बीटा-2, गौतमबुद्धनगर में और दूसरी मोटरसाइकिल के संबंध में थाना गुन्नौर, जनपद संभल में मुकदमा दर्ज है। वहीं, एक अन्य हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल के संबंध में थाना मुजेसर, फरीदाबाद, हरियाणा में मुकदमा पंजीकृत है। शेष मोटरसाइकिलों को आरोपियों ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली से चोरी करना बताया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
12 मोटरसाइकिलें और चोरी में इस्तेमाल उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 11 हीरो स्प्लेंडर/स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें तथा एक बजाज पल्सर NS 125 बरामद की है। इसके अलावा चार फर्जी नंबर प्लेट, एक पेचकस (मास्टर चाबी) और एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है।
दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रबल यादव के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, संभल, फिरोजाबाद, आगरा और फरीदाबाद में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आरोपी सोहिल के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, संभल और फरीदाबाद में चोरी तथा अन्य संबंधित मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






