गौतमबुद्धनगर। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-2 पुलिस ने नकली सिगरेट को नामी ब्रांड की असली डिब्बियों में मशीनों के जरिए पैक कर धोखाधड़ी से बेचने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गोल्ड फ्लेक और कैप्सटन ब्रांड की कुल 4940 खाली सिगरेट की डिब्बियां, 700 ग्राम खुला तंबाकू, 185 तैयार सिगरेट, पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली तीन मशीनें और तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा ग्लैंजा कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को थाना फेस-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पुस्ता रोड, ककराला के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप पुत्र धर्मवीर सिंह निवासी रोजा जलालपुर, थाना बिसरख और संदीप उर्फ संजीव उर्फ सन्नी पुत्र महावीर सिंह निवासी गढ़ी चौखंडी, थाना फेस-3 के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया नकली सिगरेट का खेल
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे तंबाकू को खाली सिगरेटों में भरकर उन्हें नामी ब्रांड की खाली डिब्बियों में पैक करते थे। इसके बाद मशीनों की मदद से डिब्बियों को दोबारा रैप कर छोटे दुकानदारों को असली सिगरेट बताकर बेच देते थे और इस तरह मुनाफा कमाते थे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3500 गोल्ड फ्लेक और 1440 कैप्सटन की खाली डिब्बियां, 700 ग्राम खुला तंबाकू, 128 गोल्ड फ्लेक और 57 कैप्सटन सिगरेट, तीन रैपिंग मशीनें तथा टोयोटा ग्लैंजा कार (UP16CW7122) बरामद की है।
मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें गठित
पुलिस के मुताबिक, मामले में सामने आए अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरोह के मुख्य आरोपी की तलाश और अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आपराधिक मामला दर्ज
इस संबंध में थाना फेस-2 में मु0अ0सं0 535/2026, धारा 318(4)/349 बीएनएस एवं धारा 104 ट्रेडमार्क एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप उर्फ संजीव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।






